किसान आंदोलन में समर्थन करने के लिए जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
किसान आंदोलन राजनीतिक अखाड़ा न बने और शांति व्यवस्था बरकरार रहे इसको लेकर प्रशासन भी सख्त दिख रहा है। सोमवार को किसान आंदोलन को राजनीतिक हवा देने के इरादे से कलक्ट्रेट पर जा रहे सपाइयों को साहिबाबाद थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दोपहर तीन बजे के बाद सभी को हिदायत देकर पुलिस ने छोड़ दिया।
किसान आंदोलन का समर्थन कर अपनी राजनीति चमकाने की फिराक में विपक्षी दल कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। किसान संगठनों की ओर से सोमवार को कलक्ट्रेट पहुंचकर अनशन करने व ज्ञापन देकर तीन कृषि कानून का विरोध करने की अपील की गई थी। मौका देख समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व साहिबाबाद विधानसभा प्रभारी मनमोहन झा गामा के नेतृत्व में निसार खान, जब्बार मलिक, अवनीश यादव, जय प्रकाश यादव, रवींद्र प्रताप यादव, गुल मोहम्मद मंसूरी, शेर खान, तबरेज आलम, रसूल खान, अजय कुमार और दिनेश यादव सोमवार सुबह कलक्ट्रेट जा रहे थे। सभी शहीदनगर से निकले थे। सूचना मिलते ही साहिबाबाद थाना पुलिस ने सभी को रोक लिया। सभी सपाई नारेबाजी करते हुए जीटी रोड पर बैठ गए। पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। साहिबाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णु कौशिक ने बताया कि सुबह करीब पौने 11 बजे से करीब तीन बजे तक सपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में रखा गया। इसके बाद हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

