घेर में बैठे किसान की गोलियों से भूनकर हत्या।
मोदीनगर।। खंजरपुर गांव में बुधवार रात अपने घेर में बैठे किसान की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। किसान खाना खाने के बाद घेर में घूमने गया था। इसी बीच मौका ताड़कर बदमाशों ने घटना को अंजाम दे दिया। अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से गांव में दहशत फैल गई। सूचना के बाद क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से कई खोखे बरामद हुए। देर रात तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोदीनगर ब्लॉक के खंजरपुर गांव निवासी टीटू (48) पुत्र रविन्द्र सिंह किसान थे। बताया गया कि बुधवार रात वह खाना खाने के बाद करीब नौ बजे घेर में चले गए। इसी बीच अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गए। दनादन फायरिंग से गांव में सनसनी मच गई। आनन-फानन में ग्रामीण उधर की तरफ दौड़े। जहां वह खून से लथपथ पड़े थे। जानकारी मिलती ही एसएचओ मुनेन्द्र सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। सीओ सुनील कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस को मौके से कई खोखे बरामद हुए। हमलावर कितने थे और किस वाहन से आए थे। यह अभी पहेली बना हुआ है। वहीं एसएचओ मुनेन्द्र सिंह का कहना है कि मृतक पक्ष की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। घटना की छानबीन की जा रही है। शीघ्र ही घटना का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें:- अवैध निर्माण वाली बिल्डिंगों पर लगी है सील अंदर बसते जा रहे लोग
रैकी के बाद दिया घटना को अंजाम।
मृतक टीटू के दो बच्चे हैं। बेटी की शादी हो चुकी है जबकि बेटा अविवाहित है। बताया गया कि उनकी कोई रंजिश नहीं थी। ऐसे में पुलिस हत्या की गुत्थी में उलझी है। वारदात किसने और क्यों की इसकी पड़ताल की जा रही है। वहीं बदमाशों ने पूरी तैयारी के साथ घटना को अंजाम दिया। हमलावरों को टीटू के आने जाने की पक्की जानकारी थी। टीटू का घेर गांव के बाहरी छोर पर है। जिस कारण आरोपी हत्या करने के बाद आराम से फरार हो गए। हत्या में किसी करीबी के होने के आशंका जताई जा रही है।



