बोरी में 10 साल की बच्ची का शव मिलने से फैली सनसनी
Ghaziabad News
जनपद के अंतर्गत टीला मोड़ थाना क्षेत्र के गरिमा गार्डन स्थित गाजियाबाद पब्लिक स्कूल के पास खाली मैदान में मंगलवार सुबह बोरी में 10 साल की बच्ची का शव मिला। बच्ची की हत्या कर शव बोरी में डालकर दो से तीन दिन पहले फेंका गया। अभी तक बच्ची की पुलिस पहचान नहीं कर सकी है। आसपास के थानों में बच्ची का शव मिलने की जानकारी दे दी गई है, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गरिमा गार्डन स्थित गाजियाबाद पब्लिक स्कूल के पास खाली मैदान से एक बोलेरो जा रही थी। बोलेरो में बोरी फंस गई। बोरी फटने के बाद लोगों ने बच्ची का शव देखा। इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस अधीक्षक शहर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव दो से तीन दिन पुराना है। शव सड़ने लगा था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि बच्ची की हत्या कैसे की गई है। आसपास के सभी थानों को बच्ची की फोटो और शव मिलने की सूचना भेज गई है। वहीं, दूसरी ओर हत्या के बाद बच्ची का शव बोरी में डालकर फेंकने से पसौंडा में सनसनी फैल गई है। यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक टीला मोड़ ओम प्रकाश आर्य ने बताया कि बच्चे के शव की पहचान करने के लिए आसपास के लोगों से फोटो दिखाकर पूूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक बच्ची की पहचान नहीं हो सकी है। जल्द से जल्द बच्ची की पहचान कर हत्या के आरोपित और उसकी वजह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
