भारत में 500 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह के 7 सदस्य गिरफ्तार
Ghaziabad News
जनपद गाजियाबाद की साइबर सेल ने ठगी के एक बहुत बड़े गिरोह का पर्दाफाश कर सात जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इस बार ऐसे नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसे दुबई में बैठा पानीपत का मूलनिवासी बजिंदर चला रहा है। यह गिरोह भारत में ही 500 करोड़ से अधिक की ठगी कर चुका है। गिरोह आनलाइन गेमिंग के जरिए ठगी करता था। लूडो, तीन पत्ती, रमी, फुटबाल व क्रिकेट समेत सभी गेम खिलाने के एवज में ठगी करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुरुआत में 10-15 हजार रुपये जीतने पर वालेट से यह रकम निकालने के बाद लोग अधिक रकम लगा देते थे। इसके बाद विदड्राल का विकल्प ब्लाक कर दिया जाता। गिरोह ने फर्जी पतों पर जीएसटी नंबर लेकर चालू खाते खुलवाए थे। इन्हीं में रकम ट्रांसफर कर लेते।
इनके 70 बैंक खाते भारत में हैं, जिनमें से 16 खातों में 70 करोड़ रुपये जमा कराए गए थे। इन खातों में अभी भी 56 लाख रुपये से अधिक की रकम है, जिसे पुलिस ने सीज करा दिया है। पुलिस के मुताबिक यह अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क है, जो कई देशों में ठगी का धंधा कर रहा है। भारत में ही करीब 500 करोड़ रुपये ठग चुके हैं।
