गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र स्थित वैशाली सेक्टर-5 में एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उपचार के लिए उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
कौशांबी थाना अंतर्गत वैशाली सेक्टर-5 में 35 वर्षीय देवजीत दत्ता 32 वर्षीय पत्नी पूजा व 10 साल के बेटे के साथ रहते है। सोमवार सुबह वह पड़ोस के एक खाली प्लाट में खून से लथपथ पड़ा था। स्थानीय निवासियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे उपचार के लिए पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की छानबीन करने उसके फ्लैट पर पहुंची, तो कमरे में उनकी पत्नी पूजा का शव मिला।
पुलिस की जांच में आया कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट मिला। उसमें देवजीत ने लिखा है कि उसने पत्नी की हत्या की है। खुद की नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। इसका कारण आंतरिक कलह बताया है। उसका खुलकर उल्लेख नहीं किया है।
पुलिस की छानबीन में आया है कि देवजीत ने अपनी कलाई का नस काटी। उसके बाद बाहर आ गया। बाहर एक खाली प्लाट में बेहोश हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे खून से लथपथ देखकर पुलिस को सूचित किया।
पहले ही बना ली थी योजना
स्थानीय पुलिस की जांच में आया है कि देवजीत ने घटना को अंजाम देने के लिए पहले ही बना ली थी योजना। इसी कारण रविवार को ही बेटे को करोलबाग दिल्ली में रहने वाले अपने सास-ससुर के यहां छोड़ आया था।
पुलिस अधीक्षक नगर द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पति ने पत्नी की हत्या की है। खुद की नस काटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया है। मामले की छानबीन की जा रही है।
