महिला मीडिया कर्मी से ठगी अपहरण हत्या की धमकी, मुकदमा दर्ज
24x7 गाजियाबाद न्यूज़- प्रमोद गर्ग
मुरादनगर: सस्ता प्लाट दिलाने का झांसा देकर फौजी ने महिला मीडिया कर्मी से ढाई लाख रुपए ठगे। रुपए वापस मांगने पर उसका अपहरण गोली मारकर हत्या की धमकी दी है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोदीनगर निवासी मीनाक्षी लवी चौधरी को कुलदीप उर्फ राजा पुत्र सुरेंद्र निवासी भोजपुर ने लगभग 6 वर्ष पूर्व मुरादनगर की शंकर विहार कॉलोनी में एक प्लॉट दिखा कर कहा था कि यह यह प्लॉट सस्ता मिल रहा है। तीन लाख में दिलवा दूंगा। जिसके लिए आरोपित ने मीनाक्षी से एडवांस में ढाई लाख रुपए ले लिए और कुछ दिन में रजिस्ट्री करवाने का वादा किया था।
आरोपित कुलदीप सेना में है, रुपए लेकर ड्यूटी पर चला गया। जब भी वह छुट्टी आया मीनाक्षी प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए उसे कहती थी तो उसने मीनाक्षी को बार-बार रजिस्ट्री का आश्वासन दिया, लेकिन रजिस्ट्री नहीं करवाई। मीनाक्षी ने जब दिखाएं प्लॉट के बारे में पता किया तो पता चला कि वह प्लॉट किसी और का है। उसने अपने रुपए वापस करने की मांग की और आरोपित से कहा कि मैं पुलिस में तुम्हारे खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दूंगी।
2 अप्रैल 2021 को मीनाक्षी कार्यक्रम में कवरेज के लिए मुरादनगर गई थी। उसी दौरान मीनाक्षी के फ़ोन पर आरोपित के बड़े भाई संजीव चौधरी उर्फ संजू का फोन आया और कहा कि हमारे मकान में चल रहे निर्माण पर तूने गाजियाबाद विकास प्राधिकरण से अवैध घोषित करवा सील लगवाई है। अपने रुपए तो भूल जा अब तुझे उठा कर अपना नुकसान वसूलेगें नहीं तो कहीं भी गोली मार देंगे।
धमकी के कारण डरी हुई मीनाक्षी 3 दिन तक घर से निकलने का साहस नहीं जुटा पाई। वह लोग बार-बार धमकी दे रहे हैं जिसके कारण उनकी जान को खतरा बना हुआ है। हिम्मत जुटा कर उसने थाना मुरादनगर में लिखित तहरीर दे मुकदमा दर्ज करवाया है।
थाना प्रभारी मुरादनगर अमित कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
