डबल मर्डर मामले में पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
24x7 गाजियाबाद न्यूज़
जनपद गाजियाबाद के बम्हेटा में रविवार रात्रि बुजुर्ग महिला और उनके बेटों की गोली मारकर हत्या हुई थी। घरवालों ने पहले आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की। पुलिस सोमवार सुबह तक आत्महत्या और हत्या में उलझी रही। लेकिन, शव के आसपास तमंचा नहीं मिला तो पुलिस को हत्या का यकीन हो गया। सख्ती से पूछताछ हुई तो पूरी कहानी सामने आ गई। प्रॉपर्टी विवाद में भतीजे पर ही चाचा और दादी की हत्या का आरोप है। पुलिस ने 2 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन मुख्य आरोपी अभी फरार है।
स्थानीय पुलिस के मुताबिक, बम्हेटा निवासी नरेंद्र का उनके ही परिवार में 100 गज के मकान को लेकर विवाद था। नरेंद्र का पक्ष उनकी मां भी लेती थी। इसी बात से नरेंद्र का भतीजा हिमांशु नाराज रहता था। रविवार रात हिमांशु ने दोनों की हत्या का प्लान बनाया। आरोप है कि देर रात तमंचे से गोली मारकर नरेंद्र की हत्या कर दी। दादी ने विरोध किया तो हिमांशु ने उन्हें भी गोली मार दी। वारदात के बाद से वह फरार हो गया था।
आत्महत्या की अफवाह फैलाई
परिवार ने गांव में अफवाह फैला दी कि नरेंद्र ने भांग के नशे में अपनी मां को गोली मारने के बाद आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस पहुंची तो उन्हें भी यही बताया गया। लेकिन, जांच शव के आसपास तमंचा नहीं मिला। फिर पुलिस को हत्या पर शक हुआ। हिमांशु के बारे में पूछताछ की गई तो उसकी जानकारी नहीं मिली। फिर पुलिस ने उसके भाई अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने पूरा घटनाक्रम बता दिया।
हिमांशु की तलाश कर रही पुलिस
अभिषेक ने बताया कि उनकी मां नरेंद्र के यहां काम से जाती थी तो वह झगड़ा करता था। पंप और दूसरे सामान गायब करके अकसर लड़ाई किया करता था। विरोध करने पर प्रॉपर्टी बेचने की बात कहता। इसी विरोध में हिमांशु ने उसकी हत्या कर दी। दादी नरेंद्र का पक्ष लेती थीं, इसलिए उनको भी गोली मार दी। पुलिस आरोपी हिमांशु की तलाश कर रही है।
एस पी सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि सुंदर और उसके दोनों बेटों ने पैतृक संपत्ति कब्जाने की नियत से रामश्री और नरेंद्र की हत्या की। नरेंद्र नशे का आदी और अविवाहित था। इसकी वजह से पिता-पुत्रों ने मां बेटे को मारकर प्रॉपर्टी हथियाने का प्लान बनाया था। नरेंद्र अपने भाई सुंदर की पत्नी से अभद्रता करता था और मां रामश्री उसका साथ देती थी, हत्या की एक वजह यह भी है। पुलिस का कहना है कि घटना की साजिश में सुंदर भी शामिल था। हिमांशु ने दादी और चाचा को गोली मारी, जबकि उसका छोटा भाई अभिषेक मौके पर मौजूद था। घटना के बाद अभिषेक ही हिमांशु को बाइक पर लेकर फरार हुआ। पुलिस को गुमराह करने के लिए इन दोनों के पिता सुंदर ने जानबूझकर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।
उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मंगलवार दोपहर 1:30 बजे बम्हेटा पुल के नीचे कवि नगर थाना पुलिस ने वांछित अभियुक्त अभिषेक पुत्र सुंदर सिंह एवं उसकी मां संता पत्नी सुंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। अभी मुखु आरोपित फरार है, जल्द उनकी गिरफ्तारी की जायेगी।