दहेज की मांग पूरी ना होने पर दुल्हन के दरवाजे पर नहीं आई बारात
24x7 गाजियाबाद न्यूज़
जनपद के नंदग्राम थानाक्षेत्र में दहेजलोभी ससुरालियों का शर्मनाक कारनामा सामने आया। शादी में कार न मिलने पर दूल्हा बारात लेकर नहीं आया, जिसके चलते लड़की पक्ष की सारी तैयारी धरी रह गईं। गांव अटौर में दुल्हन दिनभर आस लगाए बैठी रही। लड़की पक्ष ने सगाई में दी रकम और सामान वापस मांगा तो दूल्हा पक्ष ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। नंदग्राम पुलिस ने दिल्ली निवासी दूल्हा व उसके पिता समेत तीन लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
ग्राम अटौर निवासी ब्रजवीर सिंह खेतीबाड़ी करते हैं। उन्होंने अपनी बीकॉम पास बेटी चंचल की शादी शाहदरा दिल्ली के मीतनगर निवासी सचिन के साथ तय की थी। पिछले 30 अप्रैल को सगाई की रस्म हुई, जिसमें लड़की पक्ष ने दो लाख 51 हजार रुपये के अलावा 20 हजार रुपये की मिलाई के साथ जेवर व अन्य सामान दिया था। ब्रजवीर सिंह के मुताबिक, शादी की तारीख 14 मई की निर्धारित की गई थी। कोविड प्रोटोकॉल के तहत निर्धारित संख्या में बरात के स्वागत के लिए उन्होंने प्रशासन से परमिशन भी ले ली थी। ब्रजवीर सिंह का कहना है कि शादी में वर पक्ष को बुलेट मोटरसाइकिल देनी तय हुई थी, इसके लिए उन्होंने तैयारी भी कर ली थी, लेकिन एकाएक लड़का पक्ष ने वैगनआर कार की मांग शुरू कर दी, जिसको उन्होंने हैसियत से बाहर बताया।
यदि बारात मंगानी है तो कार देनी पड़ेगी
बेटी के पिता ब्रजवीर सिंह का कहना है कि शादी के कार्ड रिश्तेदारों में बंट चुके थे और शादी की तैयारी भी पूरी कर ली गई थीं, लेकिन वर पक्ष ने शादी के एनवक्त पर कहा कि बरात मंगानी है तो कार देनी होगी। इस पर लड़की पक्ष ने आपत्ति जताई तो लड़के सचिन और उसके पिता ब्रह्मजीत तोमर ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दे डाली। ब्रजवीर सिंह का कहना है कि शादी वाले दिन शाम तक इंतजार किया, लेकिन बरात नहीं आई। एसएचओ नंदग्राम नीरज कुमार सिंह का कहना है कि दूल्हे सचिन, उसके पिता ब्रह्मजीत तोमर समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
