लोनी | विधायक पुत्र ने वन विभाग रेंजर के पिस्टल से चलाई थी गोली | पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी पिस्टल
लोनी।। वन महोत्सव के दौरान विधायक पुत्र ने रेंजर की पिस्टल से फायरिंग की थी। पुलिस का दबाव पड़ने पर रेंजर ने पिस्टल केस के आईओ को सौंप दी है। पुलिस ने पिस्टल और वायरल वीडियो को फारेंसिक जांच के लिए भेजा है।
देखिए वीडियो 👇
जाने क्या है मामला
जनपद के लोनी ब्लाक के गनौली गांव में आयोजित वन महोत्सव के दौरान विधायक नंदकिशोर गुर्जर के पुत्र नागेश ने हर्ष फायरिंग की थी। जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में वन विभाग के अधिकारी भी दिखाई दे रहे थे। मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
विधायक ने सत्यता से भटकाया
मामले के तूल पकड़ने के बाद हर्ष फायरिंग की घटना को छुपाने के लिए विधायक ने मामले को नया मोड दिया था। उनका कहना था कि नागेश के पास बंदर भगाने की गन है। जिसमें से रबर की बुलेट निकलती हैं। वायरल वीडियाे पर बंदर भगाने वाली गन है। वहीं वन विभाग के रेंजर अशोक गुप्ता ने भी गलत बयान देते हुए पिस्टल को रबर बुलेट गन होना बताया था। लेकिन पुलिस जांच में मामला खुल कर सामने आया है। दरअसल नागेश ने वन विभाग के रेंजर की पिस्टल से ही फायरिंग की थी। रेंजर ने स्वयं और नागेश को बचाने के लिए गलत बयान दर्ज कराए थे।
रेंजर ने जमा कराई पिस्टल
पुलिस जांच में घटना के सभी पत्ते खुलकर सामने आ गए। जिसपर शनिवार रात रेंजर अशोक कुमार लोनी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस केस के विवेचक पर अपनी पिस्टल जमा कराने के बाद अपने बयान दर्ज कराए। वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने रेंजर पर विभागीय कार्रवाई करते हुए उनका तबादला हापुड कर दिया है।
पुलिस ने फारेंसिक जांच को भेजी पिस्टल
लोनी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पिस्टल और वीडियाे को फारेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। जिससे पता चलेगा कि गोली इसी पिस्टल से चलाई गई थी या फायरिंग के समय कोई और पिस्टल थी।
विज्ञापन