लोनी रूपनगर गेंहू क्रय केंद्र किसानों से है मजाक-नंदकिशोर गुर्जर
24x7 गाजियाबाद न्यूज़
किसानों का हित सुनिश्चित करने के लिए ग्राम मंडोला-मीरपुर हिंदू में गेंहू क्रय केंद्र खोलने के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने लिखा उपजिलाधिकारी को पत्र, रूपनगर क्रय केंद्र को बताया किसानों से मज़ाक।
लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने शुक्रवार को उपजिलाधिकारी को पत्र लिखकर ग्राम मन्डोला और मीरपुर हिन्दू में जल्द गेहूं क्रय केंद्र खोलने के लिए कहा है। विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पत्र में लिखा है कि रूपनगर गेहूं क्रय केंद्र का निर्माण क्षेत्र की भौगोलिक दृष्टि से किसानों से किया गया मज़ाक है जिसका कोई औचित्य नहीं है।
यह भी पढ़ें:- सिक्योरिटी गार्ड ऑन वर्ल्ड स्क्वायर मॉल को किया 4 घंटा बंद
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पत्र में कहा कि लोनी की रूपनगर में गेहूं क्रय केंद्र प्रशासन द्वारा संचालित है जिसका भौगोलिक दृष्टि से कोई औचित्य नहीं है, बल्कि यह केंद्र किसानों के बीच में हास्य का विषय बना हुआ है क्योंकि किसानों को यहां तक पहुंचने में 15 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता हैै। जिससे किसानों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ और क्षेत्र को जाम झेलना पड़ रहा है, जो लोनी देहात के किसानों के हित में नहीं है।
साथ ही विधायक ने कहा कि गांव मंडोला/मीरपुर हिंदू में गेहूं क्रय केंद्र के लिए जमीन भी उपलब्ध है जिसपर यथाशीघ्र गेहूं क्रय केंद्र खोला जाए। विधायक ने कहा कि मा. प्रधानमंत्री और मा. मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप गेहूं क्रय केंद्र खोलकर किसानों का हित सुनिश्चित किया जाए। जिससे दर्जनों गांवों के किसानों को लाभ मिल मिलेगा। पत्र को आवश्यक कार्यवाही हेतु जिलाधिकारी से भी प्रेषित कर अवगत कराया है।
