गाजियाबाद पुलिस में 3 अवैध असलहो की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
देखिए वीडियो 👆
24x7 गाजियाबाद न्यूज़
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में सप्लाई के लिए लाए गए 47 अवैध असलहों के साथ पुलिस ने 18 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान यह कार्रवाई हुई है। इस दौरान असलहे बनाने की तीन फैक्ट्रियों का भी भंडाफोड़ हुआ है। यहां से असलहे और असलहे बनाने के उपकरण व अन्य सामान बरामद हुआ है।
यह गिरफ्तारी लोनी, ट्रॉनिका सिटी, लोनी बॉर्डर, विजयनगर, नगर कोतवाली, मसूरी, मुरादनगर, मोदीनगर, निवाड़ी, कविनगर व नंदग्राम थाना क्षेत्रों में संयुक्त रूप से की गई है। आरोपितों ने पुलिस पूछताछ में बताया है कि यह असलहे उन्हें गाजियाबाद समेत आसपास के जिलों में सप्लाई करने थे। पंचायत चुनाव के दौरान इनकी मांग आई थी। असलहे किसने मंगाए हैं, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें:- बंधक बनाकर 40 लाख रुपए के तारो के बंडल लूटने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी अमित पाठक, एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल व एसपी देहात डॉ. इरज राजा ने मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि जानकारी मिली थी कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में माहौल खराब करने के लिए जिले में अवैध असलहे की तस्करी हो रही है। इस पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि वह अपने क्षेत्रों में अभियान चलाकर ऐसे लोगों को चिह्नित कर उन पर कार्रवाई करें। पुरानी जानकारी के आधार पर पूर्व में गिरफ्तार लोगों की कुंडली खंगाली गई तो यह गिरफ्तारियां हो सकी।
उन्होंने बताया कि लोनी थाना क्षेत्र में असलहे की फैक्ट्री पकड़ी गई। यहां से प्रेमनगर निवासी फिरोज, इकराम नगर निवासी मेहताब को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से पांच तमंचे, असलहे बनाने के उपकरण व अन्य सामान बरामद किया गया। फिरोज पर पूर्व में 12 और मेहताब पर चार मामले दर्ज हैं।
लोनी बॉर्डर क्षेत्र में भी असलहे की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई। यहां से कुम्हार कॉलोनी निवासी टीकाराम को गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरा आरोपित पप्पू फरार हो गया। इनके पास से पुलिस ने तमंचा व असलहे बनाने के उपकरण और अन्य सामान बरामद किया है।
तीसरी अवैध फैक्ट्री ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में पकड़ी गई, यहां से बंदरपुर ट्रोनिका सिटी निवासी इस्तकार को गिरफ्तार किया गया। इसके पास से पुलिस ने पांच तमंचे व असलहे बनाने का सामान बरामद किया।
मसूरी थाना क्षेत्र से पुलिस ने डासना निवासी शोएब, जावेद, वसीम व अनस को गिरफ्तार कर इनके पास से छह तमंचे बरामद किए। मुरादनगर पुलिस ने मोदीनगर निवासी रवि जाटव, परतापुर मेरठ निवासी सोनू, मोदीनगर निवासी निक्की व गौरव को गिरफ्तार कर इनके पास से चार तमंचे बरामद किए।
मोदीनगर पुलिस ने गोविदपुरी निवासी मनीष जाटव को गिरफ्तार कर उसके पास से पांच तमंचे बरामद किए। निवाड़ी पुलिस ने मसूरी निवासी आरिफ को गिरफ्तार कर उसके पास चार तमंचे बरामद किए जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
नगर कोतवाली पुलिस ने मुरादनगर निवासी नरेश सैनी को गिरफ्तार कर उसके पास से चार तमंचे बरामद किए। विजयनगर पुलिस ने चौधरी मोड़ निवासी रामलखन को गिरफ्तार कर उसके पास से एक तमंचा बरामद किया है।
कविनगर पुलिस ने बरेली निवासी प्रकाश को गिरफ्तार कर एक तमंचा बरामद किया। नंदग्राम पुलिस ने भी नंदग्राम निवासी वीरू को गिरफ्तार कर पांच तमंचे बरामद किए।
