वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, दोस्त घायल
24x7 ग़ाज़ियाबाद न्यूज़
गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के टीला शाहबाजपुर गांव स्थित सीएनजी पंप के पास शुक्रवार शाम एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठा उसका दोस्त भी घायल हो गया। परिजनों ने अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी के आधार पर वाहन की पहचान में जुटी है।
लोनी के टोली मोहल्ला इलाके में उजेब (21) परिवार के साथ रहते थे। शुक्रवार को वह ईद पर्व को लेकर अपने दोस्त जैद के साथ कहीं गए थे। पुलिस के अनुसार दोनों बाइक से मोहन नगर से लोनी अपने घर की तरफ आ रहे थे। टीला शाहबाजपुर गांव सीएनजी पंप के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में उनकी बाइक आ गई। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। इस दौरान वाहन चालक अपने वाहन को लेकर मौके से फरार हो गया।
आसपास के लोगों ने घायलों को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना के बाद दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंचे। जहां जैद को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वही उजेब की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में रेफर किया। रात के समय डॉक्टर ने उपचार के दौरान उजेब को मृत घोषित कर दिया। उजेब की मौत के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
बॉर्डर थाना एसएचओ विश्वजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

