ऑक्सीजन की कालाबाजारी में दो अभियुक्त गिरफ्तार
24x7 गाजियाबाद न्यूज़
कोरोना के कहर के कारण आक्सीजन की बड़ी किल्लत है, लेकिन इस प्राणदायक वायु की कालाबाजारी भी चरम पर है। नगर कोतवाली क्षेत्र के कैला भट्टा में शनिवार दोपहर लोगों ने एक व्यक्ति पर कालाबाजारी का आरोप लगा हंगामा किया। इसके बाद पुलिस और प्रशासनिक टीम पहुंची। पुलिस ने तीन अलग-अलग ठिकानों पर छापामारी कर आक्सीजन के करीब 125 सिलेंडर बरामद किए, जिनमें से 15 भरे हुए थे।
यह भी पढ़े:- सोशल मीडिया पर फेक पोस्ट करने से बचें नहीं तो होगी कार्यवाही SDM लोनी
नगर कोतवाल संदीप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित कैला भट्टा निवासी आकिल सैफी और जस्सीपुरा निवासी जावेद मलिक हैं। पुलिस के मुताबिक आकिल के पास पहले आक्सीजन का लाइसेंस था, जो अब निरस्त हो चुका है। अब वह आक्सीजन की कालाबाजारी करने लगा था। शनिवार को आकिल के पास एक व्यक्ति आक्सीजन की मांग के लिए आया। मगर आकिल ने उसको कई गुना दाम बताएं, जिसके बाद उसने हंगामा कर दिया। मौके पर भारी भीड़ इकट्ठी हो गई। सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंची।
क्राइम ब्रांच प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि आकिल के तीन ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की। इनमें नगर कोतवाली क्षेत्र में दो और नंदग्राम थाना क्षेत्र स्थित हिडन विहार में एक ठिकाने पर पुलिस ने छापामारी कर करीब 125 सिलेंडर बरामद किए, जिनमें 15 सिलेंडर आक्सीजन के भरे हुए मिले। नंदग्राम एसएचओ नीरज कुमार ने बताया कि इन सिलेंडर के संबंध में आकिल कोई भी लाइसेंस नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस ने आकिल और जावेद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस इनके गिरोह के अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

