लोनी | फंदे पर लटका मिला महिला का शव 6 पर रिपोर्ट दर्ज
लोनी विधानसभा के अंतर्गत टीला मोड़ थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव में मंगलवार देर रात महिला का शव फंदे से लटका मिला। मृतका के मायका पक्ष ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
अजब सिंह निवासी बादलपुर जिला गौतमबुद्ध नगर ने अपनी बेटी श्वेता की शादी पांच वर्ष पूर्व अफजलपुर निवासी राहुल से की थी। उनकी बेटी के दो बच्चे हैं। मंगलवार देर रात श्वेता का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। अजब सिंह ने श्वेता के पति समेत ससुराल पक्ष के छह सदस्यों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
उन्होंने बताया कि बेटी की शादी में तीस लाख रुपये खर्च किए थे। दहेज में ससुराल पक्ष को कार भी दी थी। इसके बावजूद ससुराल पक्ष के लोग दहेज के लिए उनकी बेटी को परेशान कर रहे थे।
उन्होंने पति राहुल, सास बलेश, ननद रचना, प्रीति व नेहा सहित राहुल की अज्ञात बुआ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी साहिबाबाद आलोक दुबे ने बताया कि पोस्टमार्टम से मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।